बच्चे किस उम्र में सबसे प्यारे लगते हैं? विज्ञान का दिलचस्प खुलासा
अक्सर माना जाता है कि नवजात शिशु जन्म लेते ही हर किसी का दिल जीत लेते हैं। लेकिन विज्ञान और मानव व्यवहार का अध्ययन कुछ अलग ही कहानी बयां करता है। 'इवोल्यूशन एंड ह्यूमन बिहेवियर' पत्रिका में प्रकाशित एक दिलचस्प शोध के अनुसार, लोग बच्चों को उनके जन्म के तुरंत बाद उतना प्यारा नहीं पाते, जितना कुछ महीनों बाद। अध्ययन बताते हैं कि बच्चों की असल 'क्यूटनेस' लगभग तीन से छह महीने की उम्र में उभरनी शुरू होती है।
इस उम्र के बाद से बच्चों का आकर्षण तेजी से बढ़ता है और वे साढ़े चार साल की उम्र तक अपने क्यूटनेस के चरम (Peak Cuteness) पर रहते हैं। मनोवैज्ञानिकों और विकासवादी वैज्ञानिकों का मानना है कि इसके पीछे एक गहरा जैविक कारण है। जब बच्चे तीन महीने के होते हैं, तो वे मुस्कुराना, आंखों से संपर्क बनाना और अपनी नन्हीं हरकतों से संवाद करना शुरू करते हैं। उनकी गोल आंखें, उभरे हुए गाल और मासूम सी किलकारियां वयस्कों में सुरक्षा और स्नेह की भावना को तीव्र करती हैं।
साढ़े चार साल की उम्र तक आते-आते बच्चे न केवल शारीरिक रूप से आकर्षक दिखते हैं, बल्कि उनकी तोतली भाषा, नई चीजें सीखने की उत्सुकता और चुलबुलापन उन्हें हर किसी का पसंदीदा बना देता है। यह वह समय होता है जब उनका व्यक्तित्व आकार ले रहा होता है, जो बड़ों को उनकी ओर सबसे ज्यादा आकर्षित करता है। इसलिए, यदि आपको कोई बच्चा इस उम्र में सबसे ज्यादा प्यारा लगे, तो समझें कि इसके पीछे आपकी इंसानी फितरत और प्रकृति का एक खूबसूरत तालमेल काम कर रहा है।
टिप्पणियाँ
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। सबसे पहले प्रतिक्रिया दें।