आयुष्मान भारत योजना और डिलीवरी: जानें अपने अधिकार
भारत सरकार की आयुष्मान भारत योजना (पीएम-जय) ने देश के करोड़ों गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को मुफ्त स्वास्थ्य इलाज की बड़ी सौगात दी है। अक्सर गर्भवती महिलाओं और उनके परिवारों के मन में यह सवाल उठता है कि क्या आयुष्मान कार्ड से डिलीवरी की सुविधा मिलती है? इस विषय पर सटीक जानकारी होना बेहद जरूरी है ताकि ऐन वक्त पर किसी तरह की परेशानी या आर्थिक तंगी का सामना न करना पड़े।
नियमों के अनुसार, आयुष्मान कार्ड के तहत सरकारी अस्पतालों में डिलीवरी पूरी तरह से निशुल्क है। यदि कोई लाभार्थी सरकारी अस्पताल में जाता है, तो चाहे नॉर्मल डिलीवरी हो या फिर ऑपरेशन (सिजेरियन), उसे किसी भी तरह की फीस का भुगतान नहीं करना होगा। यह व्यवस्था पहले की तरह ही मुफ्त चालू रहेगी।
हालांकि, प्राइवेट अस्पतालों को लेकर नियमों में एक बड़ा बदलाव है। आयुष्मान योजना के जिला समन्वयकों के मुताबिक, यदि कोई लाभार्थी निजी अस्पताल में सिजेरियन (ऑपरेशन से) डिलीवरी करवाता है, तो उसकी फीस का भुगतान उसे अपनी जेब से करना होगा। निजी अस्पतालों में इस स्थिति में आयुष्मान कार्ड मान्य नहीं होगा। इसलिए, डिलीवरी के समय अस्पताल चुनते समय इन बातों का विशेष ध्यान रखें ताकि योजना का पूरा लाभ मिल सके।
टिप्पणियाँ
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। सबसे पहले प्रतिक्रिया दें।